पीस कमेटी सदस्य त्योहार व बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक आयोजित करवाने में करें प्रशासन का सहयोग - उपायुक्त अखिल पिलानी
पीस कमेटी सदस्य त्योहार व बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक आयोजित करवाने में करें प्रशासन का सहयोग - उपायुक्त अखिल पिलानी
- जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित
- पवित्र त्योहारों व बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को सहयोग की अपील
भारत आजतक/बिलाल अहमद/ब्यूरो नूह मेवात।
नूंह उपायुक्त अखिल पिलानी व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला नूंह के सभी धर्मों के गणमान्य व्यक्ति एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि वर्तमान में पवित्र त्योहार होली, रमजान माह एवं ईद का अवसर है। ऐसे में जिले के सभी नागरिक इन त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। मेवात की वर्षों पुरानी परंपरा रही है कि यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस समय जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं भी आयोजित हो रही हैं। उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान लोगों को शांति एवं सौहार्द का संदेश दें तथा परीक्षाओं को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। परीक्षार्थियों को मेहनत और ईमानदारी के साथ बिना नकल के परीक्षा देने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे भविष्य में सफल नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के विकास के लिए शांति बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नीट व जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग सेंटर प्रारंभ किए गए हैं। स्कूलों में शिक्षा स्तर सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु भी कोचिंग आरंभ की जाएगी। सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है और शीघ्र ही विभिन्न गांवों में आर्मी की ओर से आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में विद्यार्थियों को आगरा, कुरुक्षेत्र एवं दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया है, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि हो सके।
अफवाहों से बचने व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता के हित में पूर्णत: सतर्क है तथा सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेश या अफवाह को न तो साझा करें और न ही आगे प्रेषित करें। किसी भी अफवाह पर तुरंत विश्वास न करें और न ही किसी गलत विचारधारा का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस अवसर पर पीस कमेटी का दायित्व है कि वह समाज को जागरूक करे तथा लोगों को गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करे। किसी भी धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी न करें और न ही ऐसी बातों का समर्थन करें। क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र तेजी से विकास की ओर अग्रसर होगा।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्य एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन ने कहा कि उनका प्रयास है कि जिले में शांति एवं भाईचारा बना रहे तथा समाज को नशा और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त किया जाए। जिला नूंह में वर्षों पुरानी गंगा-जमुनी तहजीब और 36 बिरादरी का भाईचारा कायम है। सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस परंपरा को बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
पीस कमेटी के सदस्य भानीराम मंगला ने कहा कि जिला प्रशासन का यह बहुत अच्छा प्रयास है कि वह पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर सभी समाज के लोगों को एक साथ मिलकर क्षेत्र में भाईचारे की भावना बढ़ाने व इसके लिए सक्रीय रूप से कार्य करने की अपील करता है। यहां पर सभी के विचार व सुझाव पर अमल किया जाता है। सरदार जीएस मलिक, जाहिद बाई, सुभान खां आदि ने भी अपने क्षेत्र में शांति बनाए रखने में प्रशासन का हर प्रकार से सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, अतिरिक्त उपायुक्त दलबीर सिंह, एसडीएम अंकिता पुवार, एसडीएम तावड़ू जितेन्द्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना कंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, जीएम रोडवेज कुलदीप जांगड़ा, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, जिला राजस्व अधिकारी रणविजय सुल्तानिया, मार्किट कमेटी पुन्हाना चेयरमैन बलराज सिंगला, नगरपालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, नरेंद्र पटेल, जाहिद बाई, पूर्व हज कमेटी चेयरमैन औरंगजेब, मौलान शेर मोहम्मद, दिनेश नागपाल, योगेश तंवर, पूर्व विधायक शहीदा खान, संजय बिटू, ताहिर हुसैन, नासिर हुसैन,मास्टर गंगादान, डा मोहम्मद ख्वाजा रफी आदि मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment