नूंह में समाधान शिविर में सुनी गईं आमजन की शिकायतें
लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई
उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
एटीवी भारत न्यूज/बिलाल अहमद/ब्यूरो नूह मेवात।
नूंह जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित और स्थायी समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविरों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में नागरिक अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही उनकी सुनवाई कर समाधान की दिशा में कार्रवाई कर रहे हैं।
लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर के दौरान राजस्व, बिजली, पेयजल आपूर्ति, नगर परिषद तथा सामाजिक कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतों की सुनवाई की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनें और प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि इस पहल से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर समस्याओं के समाधान की दिशा में समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जिला तथा उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त दलबीर सिंह, डीडीपीओ नरेंद्र सरवान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*फोटो कैप्शन*: लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते हुए उपायुक्त अखिल पिलानी व अन्य अधिकारी।

Comments
Post a Comment