एमथ्रीएम फाउंडेशन ने नूंह पुलिस को महिला सुरक्षा के लिए सौंपी स्कॉर्पियो गाड़ी ।
एटीवी भारत/बिलाल अहमद/ब्यूरो नूह मेवात।
नूंह जिले में सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्था एमथ्रीएम फाउंडेशन ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से नूंह पुलिस को एक स्कॉर्पियो गाड़ी भेंट की है । यह गाड़ी विशेष रूप से दुर्गा वाहिनी के तौर पर उपयोग की जाएगी, ताकि महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और जांच में पुलिस को बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में संस्था की वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. ऐश्वर्य महाजन ने नूंह के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार को गाड़ी की चाबी सौंपी । इस अवसर पर नूंह पुलिस प्रशासन ने फाउंडेशन के इस नेक प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था से जुड़े डॉ. ऐश्वर्य महाजन ने बताया कि 15 फरवरी को तावडू नगर में मुख्यमंत्री की रैली के दौरान फाउंडेशन की ट्रस्टी डॉ. पायल कनोडिया ने अपने संबोधन में महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए घोषणा की थी कि वे नूंह पुलिस को दुर्गा वाहिनी के रूप में एक गाड़ी भेंट करेंगी। इस घोषणा को अब विधिवत पूरा कर दिया गया है । डॉ. पायल कनोडिया का कहना है कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के साथ पूर्ण सहयोग आवश्यक है । इससे पुलिस महिलाओं को वास्तविक आजादी और सुरक्षा प्रदान कर सकेगी । उन्होंने जोर दिया कि महिला विरुद्ध अपराध रोकने के लिए सभी को जागरूक होना चाहिए और पुलिस को संसाधनों के रूप में मदद पहुंचानी चाहिए । कई बार संसाधनों की कमी के कारण कानून व्यवस्था ड्यूटी प्रभावित होती है, इसलिए सामाजिक संस्थाओं का यह सहयोग एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है। संस्था ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी महिला सुरक्षा से जुड़े किसी भी संसाधन या आवश्यकता के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगी ।

Comments
Post a Comment