नकल रहित व शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
- बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष बनाने के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी पहुंचे विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर
- पारदर्शी व शांतिपूर्ण माहौल में कराई जाएं बोर्ड परीक्षाएं — उपायुक्त अखिल पिलानी
- बोर्ड परीक्षाओं के दौरान उपायुक्त ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश
एटीवी भारत न्यूज/बिलाल अहमद/ब्यूरो नूह मेवात।
नूंह उपायुक्त अखिल पिलानी ने गुरुवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की चल रही वार्षिक परीक्षाओं के दौरान जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा के निष्पक्ष संचालन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आर.के इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलंबा, प्रभात सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछेड़ा, हाजी बक्सी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सतपुतियाका, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल टांई तथा राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल टपकन सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर बैठने की व्यवस्था, गोपनीयता तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षाएं पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी वातावरण में संपन्न करवाई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल जैसी किसी भी अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वे बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और अपनी तैयारी के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को सकारात्मक माहौल प्रदान करें और उनका मनोबल बढ़ाएं, ताकि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी परीक्षाएं दे सकें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे परीक्षाएं सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।


Comments
Post a Comment